झंडूता के तुंगड़ी गांव में हुई घटना, कार का सिर्फ ढांचा बचा
शॉर्ट सर्किट माना जा रहा कारण, पुलिस ने चालक के बयान किए दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश(बिलासपुर)। झंडूता के तुंगड़ी गांव में एक चलती कार में आग लग गई। चालक ने समय रहते बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। कार पूरी तरह से चल जल चुकी है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है।
हादसा मंगलवार रात को हुआ। उपमंडल झंडूता के बैरी मियां गांव निवासी रविकांत चंदेल अपने भाई की स्विफ्ट कार को चलाते हुए ननिहाल जा रहे थे। जब तुंगडी गांव के पास पहुंचे तो कार से अचानक आग की लपटे उठती हुई दिखीं। उन्होंने सड़क पर ही कार को रोका और बाहर निकल गए। देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आ गई। स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग पर काबू पाने के प्रयास किए। फायर बिग्रेड को भी सूचित किया। कुछ समय बाद फायर ब्रिगेड गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार का ढांचा ही बाकी बचा था। कार मालिक को करीब साढ़े सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। झंडूता थाना पुलिस ने कार चालक के बयान दर्ज किए हैं। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि मामले की जांच जारी है।