मनोरंजन, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम
शीघ्र शुरू होगा निर्माण कार्य, 35 लाख रुपये की पहली किस्त जारी
भोजनालय, अतिथि कक्ष, गेमिंग जोन, रीडिंग कॉर्नर, जिम की होगी सुविधा
संजीव शामा
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में भी लोगों को अब बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त क्लब हाउस की सुविधा मिलने जा रही है। सरकार ने इस परियोजना के लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जबकि 35 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
घुमारवीं शहर के लोगों के मनोरंजन और सामाजिक आयोजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह प्रोजेक्ट घुमारवीं शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। जानकारी के अनुसार, क्लब हाउस का नक्शा और योजना तैयार कर ली गई है और भूमि स्थानांतरण से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। यह भवन वार्ड नंबर 2 के बडू क्षेत्र में, मत्स्य विभाग के भवन के समीप दो बीघा भूमि पर बनाया जाएगा। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस क्लब हाउस में लोगों को सदस्यता प्रणाली के माध्यम से सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसमें भोजनालय, अतिथि कक्ष, गेमिंग जोन, रीडिंग कॉर्नर, जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया, ऑडिटोरियम और अन्य मनोरंजन व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अलग हॉल की व्यवस्था की जाएगी। क्लब हाउस में छोटे-छोटे सामाजिक आयोजन, बैठक, पारिवारिक समारोह और खेल प्रतियोगिताएं भी की जा सकेंगी। यह क्षेत्र का पहला आधुनिक क्लब हाउस होगा, जहां लोग परिवार सहित समय व्यतीत करने के साथ सामाजिक संपर्क भी मजबूत कर सकेंगे। इससे न केवल घुमारवीं नगर की छवि बदलेगी, बल्कि युवाओं को भी सकारात्मक और स्वस्थ मनोरंजन का नया मंच मिलेगा।
इनसेट
स्थानीय पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी मिलेगा प्रोत्साहन
अधिकारियों का कहना है कि क्लब हाउस के निर्माण से स्थानीय पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। शहर में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोग यहां रुककर स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को भी नजदीक से देख सकेंगे। इससे नगर की अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
इनसेट
परियोजना से शहर में निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे
व्यापारी वर्ग का कहना है कि इस परियोजना से शहर में निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी लोग क्लब हाउस की ओर आकर्षित होंगे, जिससे शहर की आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में नई जान आएगी। नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, क्लब हाउस का निर्माण कार्य आगामी महीनों में शुरू कर दिया जाएगा और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। संवाद