धौलरा मंदिर में आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु। स्रोत: जागरूक पाठक
पांच हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, विशाल लंगर भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आषाढ़ मास के अंतिम मंगलवार को बिलासपुर स्थित बाबा नाहर सिंह मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। दोपहर तक मंदिर का पार्किंग स्थल वाहनों से पूरी तरह भर गया, जबकि नेशनल हाईवे तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
मंदिर में दिनभर करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने बाबा नाहर सिंह के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। इस मौके पर स्वर्गीय केवल मुरगई परिवार की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी विशाल लंगर का आयोजन किया गया। बाबा नाहर सिंह पुजारी समिति धौलरा मंदिर के पंडित अरुण शर्मा ने बताया कि आषाढ़ मास का अंतिम मंगलवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक रही। सुबह से ही श्रद्धालु अनुशासित ढंग से कतारों में खड़े होकर दर्शन करते रहे। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और पूरा मंदिर परिसर बाबा नाहर सिंह के जयकारों से गूंजता रहा। लंगर सेवा में सविता, विवेक, अंजलि, रघु, गौरव, राजवी, अध्यांत सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सेवा भाव से योगदान दिया।