घुमारवीं पुल से बाड़ी चौक तक होगा आयोजन, अंडर-14 से 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला-पुरुष ले सकेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। सीर उत्सव-2026 के तहत दो अक्तूबर को मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन सुबह छह बजे घुमारवीं पुल से शुरू होकर करगोड़ा होते हुए बाड़ी चौक तक जाएगी और वापस घुमारवीं पुल पर समाप्त होगी। पहले मैराथन को घुमारवीं हेलीपैड से शुरू करने का प्रस्ताव था, लेकिन अब इसका मार्ग बदलकर घुमारवीं पुल से निर्धारित किया गया है।
मैराथन के सफल आयोजन को लेकर उपमंडल अधिकारी नागरिक घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और खेल गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मैराथन में अंडर-14, अंडर-19, ओपन और 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी क्यूआर कोड के माध्यम से 30 सितंबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं। सभी प्रतिभागियों को दो अक्तूबर को सुबह निर्धारित समय पर घुमारवीं पुल पहुंचना होगा। एसडीएम ने युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस विभाग को आयोजन के दौरान आवश्यक यातायात व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग को मैराथन मार्ग पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।