आबकारी विभाग के छापे में 200 से अधिक बोतलें की जब्त,
इनोवा से भी मिलीं 12 पेटियां, टैक्स चोरी और मुनाफाखोरी की आशंका
हिमाचल में बिकती पाई गई पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित बियर
होलोग्राम हटाकर की जा रही थी अवैध रूप से बिक्री
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार देर रात आबकारी एवं कराधान विभाग की विशेष जांच टीम ने फोरलेन के किनारे स्थित शराब के ठेकों और वाहनों पर दबिश की। इस कार्रवाई में पंजाब राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित बीयर की बोतलें भारी मात्रा में बरामद की गई हैं, जिसे हिमाचल में बेचना नियमों के विरुद्ध है।
टीम ने बैहना जट्टा से 41, डोल से 36, धराडसानी से 28 और देहरा से 82 बोतलें जब्त की हैं। वहीं पनोह कस्बे में फोरलेन पर एक इनोवा गाड़ी को जांच के दौरान रोका गया, जिसमें से पंजाब मार्का बीयर की 12 पेटियां मिलीं। यह सभी बियर सेल फॉर पंजाब ओनली मार्किंग वाली थीं, जिनके होलोग्राम हटाए गए थे, लेकिन ढक्कन पर लगे निशान से असली पहचान हो गई। आबकारी विभाग ने रातभर बरठीं, गेहड़वीं और देहरा सहित कई क्षेत्रों में ठेकों पर जांच अभियान चलाया। विभाग की यह सख्ती देख शराब माफिया में हड़कंप मच गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह एक-दो ठेकों तक सीमित मामला नहीं बल्कि एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है। विभाग ने जब्त की गई बीयर की खेप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ठेके के मालिकों के साथ जिस वाहन से बीयर बरामद हुई, उसके चालक से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच में जुटे हैं। बरामद की गई बियर की बोतलों पर पंजाब के लिए निर्धारित बिक्री का होलोग्राम नहीं था। लेकिन ढक्कनों पर लगे मार्किंग से साफ हो गया कि ये बीयर केवल पंजाब में बेचने के लिए ही थीं। बीयर के नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। इस बारे में आबकारी एवं कराधान विभाग के डिप्टी कमिश्नर हरीश छट्टे को फोन किया गया, लेकिन बार-बार फोन करने के बाद भी वो कॉल पर उपलब्ध नहीं हो सके।
इनसेट
अवैध शराब से सरकार को भारी नुकसान
पंजाब व अन्य बाहरी राज्यों से अवैध रूप से हिमाचल लाई जा रही शराब के चलते प्रदेश सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इसी कारण इस बार कई ठेके बिक ही नहीं पाए हैं। शराब कारोबारियों का कहना है कि जब तक अवैध शराब की आपूर्ति पर रोक नहीं लगती, वे भी ठेका लेने से परहेज करेंगे।