बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य पत्रकार महासंघ द्वारा संचालित पाक्षिक पत्रिका ‘शब्द मंच’ के तत्वावधान में आयोजित कविता प्रतियोगिता के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। कहानी प्रतियोगिता के परिणाम भी जल्द ही घोषित कर दिए जाने की उम्मीद है। विजेता प्रतिभागियों को ‘शब्द मंच’ के वार्षिक समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों से पुरस्कृत करवाया जाएगा।
‘शब्द मंच’ के मुख्य संपादक एवं पत्रकार महासंघ के राज्य अध्यक्ष जय कुमार ने बताया कि कविता प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 94 प्रसिद्ध कवियों ने भाग लिया था। शिमला के फागू गांव के डा. सत्य नारायण स्नेही की रचना ‘इंटरनेट पर मेरा गांव’ को अव्वल आंका गया है। न्यू शिमला की डा. देवकन्या ठाकुर की रचना ‘अखबार की खबर’ व सुंदरनगर के कृष्ण चंद महादेविया की रचना ‘चूहा’ ने दूसरा स्थान हासिल किया है। मंडी की पैलेस कालोनी निवासी हरिप्रिया की कविता ‘बाजार में बहते लोग’, आगरा के डा. शशि गोयल की रचना ‘मां’ व राजस्थान के राजसमंद निवासी जगदीश चंद्र शर्मा की रचना ‘पिता’ तीसरे स्थान पर रही है।
जय कुमार ने बताया कि पहले तीन स्थान हासिल करने वाले कवियाें को क्रमश: 3000, 2000 व 1500 रुपये का इनाम दिया जाएगा। पांच प्रतिभागी कवियों को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें बिलासपुर के विवेक वात्स्यायन, सरकाघाट के हंसराज भारती, मध्य प्रदेश के शिवनी के राम भवन सिंह, कांगड़ा पद्धर के विजय कुमार पुरी व हरियाणा रिवाड़ी के भूप सिंह बलदौड़िया शामिल हैं। उन्हें एक-एक हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।