नयनादेवी (बिलासपुर)। स्कूली छात्र-छात्राओं की सिरमौर के पावंटा साहिब में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता (अंडर-14) में माडर्न पब्लिक स्कूल नयनादेवी के विद्यार्थियाें ने शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न स्पर्धाआें में स्कूल के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रनर अप ट्राफी पर कब्जा किया है। मंगलवार को स्कूल पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियाें का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बच्चों ने इस दौरान नयना देवी के चरणों में शीश भी नवाया।
माडर्न पब्लिक स्कूल नयनादेवी की प्रधानाचार्य कामना शर्मा ने बताया जिला स्तर पर अव्वल रहे इस पाठशाला के बच्चों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। संगीत अध्यापक नीरज गौतम और पूनम शर्मा की अगुवाई में सुमेश, चिराग, निखिल, अभय शर्मा, आदित्य, हर्ष पुंडीर, हर्ष धीमान, पंकज, प्रिंस, संजय, सिद्धार्थ, अभय शर्मा, आशीष, अमन और विशिष्ठ ने पावंटा साहिब में बिलासपुर जिले का प्रतिनिधित्व किया। उन्हाेंने समूहगान और मार्च पास्ट में द्वितीय और लोकनृत्य तथा भाषण में तृतीय स्थान हासिल कर रनरअप की ट्राफी पर कब्जा करके स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। इसके लिए बच्चे, शिक्षक और अभिभावक बधाई के पात्र हैं।