बिलासपुर। जिला अस्पताल बिलासपुर में वाहन लेकर आने वाले लोगों को अब पार्किंग की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन जल्द नई पार्किंग का निर्माण करवाएगा। नई पार्किंग के निर्माण के लिए छह लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है।
जिला अस्पताल आने वाले वाहन चालकों को पार्किंग की सुविधा न होने के कारण समस्या का सामना करना पड़ता है। अस्पताल भवन के साथ ही अधिकतर वाहन खड़े होते हैं। कई बार आपात स्थिति में यह वाहन समस्या भी पैदा करते हैं। इसके चलते अस्पताल प्रशासन ने नई पार्किंग का निर्माण करवाने का निर्णय लिया। विभाग की ओर से भी पार्किंग के निर्माण की कवायद तेज कर दी गई है। नई पार्किंग का निर्माण अस्पताल कैंटीन के साथ करवाने की योजना है। राशि मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन जल्द इस कार्य को पूरा करने का प्रयास कर रहा है। अस्पताल प्रशासन की मानें तो शीघ्र ही नई पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा करवाया जाएगा।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीआर सहगल ने कहा कि अस्पताल प्रशासन को नई पार्किंग के निर्माण के लिए छह लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नई पार्किंग का निर्माण किया जा जाएगा।