घुमारवीं/बरठीं(बिलासपुर)। बुधवार को तेज तूफान से गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान घुमारवीं और बरठीं क्षेत्र में फसलों को पहुंचा है। भराड़ी उपतहसील के अंतर्गत आने वाले कई क्षेत्रों में बिन मौसमी बरसात से फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में लहलहाती गंदम की फसल को बीती रात तेज हवाओं व बारिश से भारी नुकसान पहुंचा है जिससे आने वाले समय में किसानों पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
किसानों में जय कृष्ण शर्मा, रत्न लाल, पंजू राम, तुलसी राम, सोहन लाल, रूप लाल, कर्म चंद, सुशील कुमार, तिलक राज धीमान, हंस राज आदि ने बताया कि इस बारिश ने किसानों की उम्मीद पर जो फसल होने की उम्मीद थी उस पर पानी फिर गया है। उन्होंने बताया कि इस बार बंपर फसल होने की आशा थी। परंतु बीती रात चली हवाओं व बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया जिससे काफी निराशा है।