स्वारघाट (बिलासपुर)। एससी एवं एसटी एक्ट में बदलाव के फैसले के खिलाफ दलित संगठनों के भारत बंद के कारण हिमाचल परिवहन निगम बिलासपुर डिपो, मंडी, कुल्लू के दर्जनों बस रूट प्रभावित हुए। किसी अप्रिय घटना के डर और सुरक्षा के मद्देनजर पंजाब और दिल्ली की तरफ जाने वाली बसों को गंतव्य स्थानों तक नहीं भेजा जा रहा है। इस कारण पंजाब और दिल्ली की तरफ जाने वाली यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिलासपुर डिपो के बात करें तो पंजाब से वापस आने वाली मणिकर्ण-अमृतसर, ऊना-अमृतसर और घुमारवीं-अमृतसर बसों को अमृतसर में ही रुकने को कहा गया है। इसके अलावा बिलासपुर-लुधियाना बस को ऊना तक ही भेजा गया है। जाहू से कीरतपुर को जाने वाली बस और ज्योरीपतन से कीरतपुर जाने वाली बस को हिमाचल और पंजाब सीमा पर स्थित गरामोडा तक ही भेजा गया है। वहीं से वापस आने को कहा गया है।
इसके अलावा बिलासपुर डिपो के दिल्ली रूट पर जाने वाली बसों को सिर्फ चंडीगढ़ तक ही भेजा जा रहा है। चंडीगढ़ से बिलासपुर बसें वाया पिंजौर स्वारघाट होकर आ रही हैं। पंजाब की तरफ जाने वाले सभी बस रूट रद्द करने पड़े हैं।
हिमाचल परिवहन निगम के बिलासपुर डिपो के प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार ने बताया कि पंजाब और दिल्ली जाने वाले दर्जनों बस रूट प्रभावित हुए हैं। भारत बंद के कारण दिल्ली जाने वाली बसों को चंडीगढ़ तक भेजा जा रहा है। पंजाब की तरफ जाने वाले बस रूट रद्द करने पड़े हैं।