बिलासपुर। बिलासपुर बस अड्डा के आसपास कारोबारियों ने रास्तों और सड़कों किनारे अतिक्रमण कर रखा है। इससे लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इससे हादसों होने का खतरा बना रहता है। अगर कोई राहगीर किसी दुकानदार के सामान को छू जाए तो बवाल हो जाता है। दुकानदार राहगीर को भला-बुरा कहने लग जाते हैं। इससे कई बार नौबत हाथापाई तक पहुंच जाती है।
बस अड्डा के बाहर एक ओर चलने के लिए राहगीरों के लिए फुटपाथ बनाया गया है। जहां से होकर लोग बस अड्डा व लक्ष्मीनारायण मंदिर को जाते हैं। लेकिन, इन फुटपाथों पर दुकानों का सामान सजना शुरू हो गया है। इससे पैदल चलने वालों को जगह नहीं मिलती और उन्हें मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है। कई दुकानदारों ने तो फुटपाथ में लग लोहे के एंगल भी काट दिए हैं, ताकि दुकान के सामने एंट्री बनी रहे। इसके अलावा मुख्य बस अड्डा से जहां से बसें बाहर निकलती हैं, वहां पर भी विश्वकर्मा मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर दुकानों का सामान सड़क पर सजना शुरू हो गया है। नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी मात्र औपचारिकताएं पूरी कर निर्देश ही देते हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
सदर एसडीएम हरीश गज्जू का कहना है कि नगर परिषद बिलासपुर को कड़े आदेश दिए जाएंगे कि रास्ते पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करे। स्वयं भी मौके का निरीक्षण करेंगे।