अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही न होने की एवज में खाद्य आपूर्ति विभाग ने जिलाभर से 16 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं। विभाग ने जिला के आठ डिपो, एक एफसीआई, चार होलसेल और जिला के गोदामों में दबिश दी। इसके चलते मौके पर विभाग ने इन डिपों से सैंपल भी भरे हैं। विभाग ने इन्हें जांच के लिए शिमला भेज दिया है। एक माह के भीतर इन सैंपलों की रिपोर्ट आ जाएगी।
इस दौरान अगर एक भी डिपो या फिर गोदाम के सैंपल फेल पाए जाते हैं तो विभाग इनके खिलाफ जुर्माना वसूल करके विभागीय कार्रवाई करेगा। गौरतलब है कि विभाग ने दबिश के दौरान आटा, चावल, गेहूं के सैंपल भरे है, क्योंकि विभाग का कहना है कि यह खाद्य पदार्थ लोगों के स्वास्थ्य के साथ जुड़े हुए हैं। स्वास्थ्य संबंधी लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभागीय अधिकारी का कहना है कि इससे पहले भी जिला से खराब आटे के सैंपल भी भरे हैं जिसकी रिपोर्ट शिमला भेज दी गई है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट आना भी बाकि है।
इनसेट...
शिकायत मिलने पर भी देंगे दबिश
जिला से कोई भी व्यक्ति किसी डिपो या फिर गोदाम संबंधी कोई व्यक्ति शिकायत करता है तो विभागीय टीम कार्रवाई करेगी। जिला के सभी डिपो की जांच की जा रही है। जहां पर कमियां पाई जा रही वहां से विभाग सैंपल भर रहा है।
जिला से 16 गेहूं, आटा और चावल के सैंपल भरे गए हैं। यह कार्रवाई विभागीय टीम ने आठ डिपो, एक एफसीआई, चार होलसेल व अन्य दुकानों से सैंपल लिए हैं जिसकी रिपोर्ट शिमला भेज दी गई है।
प्रताप सिंह चौहान, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी बिलासपुर।