स्वास्थ्य सेवा में नर्सों की बहुत अहमियत: प्रकाश
बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल स्थित नर्सिंग स्कूल में वार्षिक शपथ और बैज समारोह का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम वर्ष की प्रशिक्षु नर्सों को विधिवत रूप से शपथ दिलाई तथा प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की प्रशिक्षु नर्सों के लिए बैज समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि सीएमओ डॉ. प्रकाश दरोच ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षु छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में नर्सों की अहमियत बहुत बड़ी है। नर्सिंग की सेवाएं लोगों के स्वास्थ्य को स्वस्थ रखने और बीमार होने पर उनका इलाज करने के लिए खूब मेहनत करती हैं। नर्सिंग सेवाएं समाज में स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करके जनमानस में कर्तव्य निष्ठा, प्यार भाव, अनुशासन का संदेश दे रही हैं। रोगियों की सेवा में सदैव तत्पर नर्सिंग स्टाफ योग्य चिकित्सकों के सहयोग से जहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ दे रही हैं, वहीं दिनरात मरीजों की देखभाल में जुटी नर्सें समाज में सेवाभाव की भावना को भी बढ़ावा दे रही हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश शर्मा ने प्रशिक्षु व परिचारिकाओं को कर्तव्य व निष्ठा के साथ भविष्य में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
नर्सिंग स्कूल प्रधानाचार्य आशा शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी तथा अन्य गतिविधियों से अवगत करवा कर विस्तृत जानकारी दी। इस संस्थान से अब तक सैकड़ों प्रशिक्षु नर्सें प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी सेवाएं अर्पित कर रही हैं। इस दौरान नर्सिंग स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि ने नर्सिंग स्कूल की वार्षिक परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सहायक निदेशक नर्सिंग नीरज वर्मा, सिस्टर ट्यूटर बीना खजूरिया, निर्मला, नीलम, पवन गौतम, भावना ठाकुर, वार्ड सिस्टर, स्टाफ नर्सिंग सहित छात्राएं उपस्थित रहीं।