एमसीसी क्लब ने बरठीं इलेवन को हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश
बिलासपुर। बिलासपुर के ऐतिहासिक लुहणू क्रिकेट मैदान में चल रही जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतिम क्वार्टर फाइनल मैच में एमसीसी क्रिकेट क्लब ने बरठीं इलेवन को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
क्रिकेट एसोसिएशन बिलासपुर के प्रतिनिधि मनोहर ठाकुर ने बताया कि पहले बल्लेबाजी करते हुए बरठीं की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में छह विकेट गंवाकर 91 रन बनाए। इसमें अंकू ने 28, रॉकी ने 17 और आशुतोष ने 10 रनों का योगदान दिया। एमसीसी की ओर से पिंकू ने तीन, प्रहलाद ने एक विकेट ली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीसी ने 12.4 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य पूरा कर लिया जिसमें राहुल ने 33, नीरज ने 21, जीत ने 17 और दीप ने 12 रनों का योगदान देकर अपनी टीम को विजयी बनाया।
बरठीं की ओर से लक्की ने दो और कुलजीत ने एक विकेट हासिल किया। वहीं प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक एवं एचपीसीए बिलासपुर सचिव विशाल जगोता ने बताया कि रविवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। बीस-बीस ओवरों के इन मैचों में पहला मैच बूम शिवा और बिलासपुर ब्लास्टर के मध्य खेला जाएगा। जबकि शाम के सत्र में दूसरा सेमीफाइनल मैच एमसीसी और प्रिंस इलेवन बिलासपुर के मध्य खेला जाएगा।