बिलासपुर। नगर में रोजाना लगने वाले जाम से आम आदमी तो परेशान है ही लेकिन बृहस्पतिवार को डीएम का काफला भी जाम में फंस गया। बाद में पुलिस ने काफिले को जाम से बाहर निकाला।
नगर में नैनीताल हाईवे पर जर्जर हाईवे और उसके किनारे अतिक्रमण के कारण रोजाना ही जाम लगा है। जर्जर हाईवे पर गहरे-गहरे गड्ढों से वाहनों का खराब होना भी आम बात हो गई है। इसलिए वाहनों को हाईवे से धीमी गति से गुजरना पड़ता है।
बृहस्पतिवार को रुद्रबिलास चीनी मिल का उद्घाटन करने के लिए डीएम आ रहे थे। नगर में नगर कीर्तन का भी कार्यक्रम था। हाईवे पर जमा न लगे, इसके लिए पुलिस कर्मी नगर के केमरी तिराहे, डाकखाना मोड़, नगर के मुख्य चौराहे आदि जाम लगने वाले स्थानों पर तैनात थे।
सुबह करीब नौ बजे के बाद हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ना शुरू हो गया। दस बजे के बाद नगर में हाईवे किनारे अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण करना शुरू कर दिया जिससे जाम लगने लगा।
करीब एक बजे डीएम का काफिला जब नगर के मुख्य चौरोह पर पहुंचा तो ओवरलोड वाहनों के कारण जाम में फंस गया। इस दौरान मौजूद पुलिस कर्मियों में खलबली मच गई। पुलिस ने आनन-फानन में डीएम के काफिले को रुद्रपुर की तरफ निकाल दिया। वापसी में भी पुलिस ने सक्रियता दिखाई लेकिन डीएम को जाम से गुजरकर ही जिला मुख्यालय जाना पड़ा।