मंडी भराड़ी पुल के पास एसडीटी ने की कार्रवाई, पंजाब से रहने वाला है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस की विशेष डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने फोरलेन पर धराड़सानी के पास बस सवार युवक से 71 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब के अमृतसर जिले के 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ दीप निवासी गांव भोयेवाल, डाकघर चणंके, तहसील बाबा बकाला, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीटी की टीम बस की जांच कर रही थी। इस दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 71 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस थाना झंडूता में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान नशे की आपूर्ति के स्रोतों और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है। तस्करी के नेटवर्क का पता लगाकर इसमें संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साढ़े तीन माह में 2.2 किलो चिट्टा बरामद
बिलासपुर पुलिस ने पिछले साढ़े तीन माह में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2.2 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस अवधि में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 101 मामले दर्ज किए गए और 220 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 25 बाहरी राज्यों के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों के संपर्कों और नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है।