अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)।
हवाण पंचायत में लखदाता अखाड़ा कुश्ती कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दंगल में पहलवानों का दमखम देखने के लिए लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। गत शुक्रवार को आयोजित दंगल का शुभारंभ भूतपूर्व सैनिक संजीव ने किया। उन्होंने दंगल कमेटी को 5100 रुपये की राशि भी भेंट की। देर शाम समापन अवसर पर सदर के विधायक सुभाष ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न खिताबी मुकाबलों के विजेता और उपविजेता पहलवानों को पुरस्कृत करने के साथ ही आयोजक कमेटी को 5100 रुपये भेंट किए। हवाण में आयोजित दंगल के तहत मुख्य कुश्ती का खिताबी मुकाबला चंडीगढ़ के विक्की और चंबा के नवाज अली के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने जीत के लिए कई तरह के दांवपेंच अपनाए। इसमें विक्की ने बाजी मारी। विजेता को गुर्ज और 15 हजार तथा उपविजेता को 11 हजार रुपये का इनाम दिया गया। वहीं, छोटी माली का खिताब नयनादेवी के पप्पू पहलवान ने जीता। उन्होंने चंडीगढ़ के गोलू पहलवान को पटकनी देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। विजेता को गुर्ज और 8100, जबकि उपविजेता को 7100 रुपये का इनाम मिला।
युवा पहलवानों को प्रोत्साहित करने के लिए इस बार दंगल कमेटी ने अंडर-19 वर्ग के मुकाबले भी करवाए। इस वर्ग का फाइनल मुकाबला धवाल के संजय और सुंदरनगर के लक्की पहलवान के बीच हुआ। इसमें संजय विजयी रहे। उन्हें 4100 तथा उपविजेता को 3100 रुपये का इनाम दिया गया। समापन मौके पर पंचायत प्रधान सुनीता, बीडीसी उपाध्यक्ष सूरज कपिल, सदर भाजपा प्रवक्ता आशीष ढिल्लों, श्रवण कुमार, हवाण स्कूल के प्रिंसिपल रमेश शर्मा, नीना कौशल, सोहन सिंह, संजय कश्यप, हंसराज, शेर सिंह, सूंका राम, पवन, ध्यान सिंह, संजय, गांधीराम, रूपलाल, करतार सिंह, राजेंद्र, ओंकार शर्मा, बलवीर, राकेश, लेखराम, जीतराम, बंसीराम और नंदलाल मौजूद रहे।