अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
मंगलवार से शुरू हुई बोर्ड परीक्षाओं में पहले दिन शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते ने 11 नकलची पकड़े हैं। इसके अलावा जिन स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, उन्हें भी दो दिन के भीतर कैमरे लगाने को कहा गया है। कोताही बरतने वाले स्कूल प्रमुखों पर विभाग कार्रवाई भी कर सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरठीं में जमा दो कक्षा के अंग्रेजी के पेपर में 6 विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बिलासपुर देवेंद्र पाल की अगुवाई में बरठीं में 6, अमरपुर में 0, सुन्हाणी में एक, कठलग में 0 और शाम के सेशन में घुमारवीं में चार छात्रों को नकल पकड़ते हुए पकड़ा। जबकि, शिक्षा उपनिदेशक उच्च बिलासपुर अमर सिंह ने भी स्वारघाट और नयना देवी में औचक निरीक्षण किए, लेकिन कहीं भी नकल का कोई भी मामला सामने नहीं आया। शिक्षा उपनिदेशक उच्च बिलासपुर अमर सिंह ने कहा कि जिले में कुछ स्कूलों को नकल रोकने के लिए स्कूल परीक्षा भवनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बरठीं स्कूल के प्रधानाचार्य को करीब पंद्रह दिन पहले कैमरा लगाने के आदेश दिए गए थे। अगर कैमरा नहीं लगा होगा तो स्कूलों की लापरवाही मानी जाएगी तथा स्कूलों से जवाबदेही ली जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में कैमरे नहीं लगे हैं, उनको दो दिन के भीतर कैमरे लगाने पड़ेंगे।
आज होगा दसवीं कक्षा का हिंदी का पेपर
बुधवार को जिला भर के स्कूलों में दसवीं कक्षा का हिंदी का पेपर होगा। पेपर देने के लिए बच्चों को सुबह 8:45 बजे पर परीक्षा हॉल में बैठना होगा। 15 मिनट पेपर पढ़ने के बाद नौ बजे पर्चा शुरू होगा।