बिलासपुर।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि जिले के विकास को तीव्र गति देने के लिए सभी विभागाध्यक्ष सामंजस्य स्थापित करें। योजनाओं और कार्यों को पूर्ण करने में भरपूर सहयोग दें। इससे सरकार द्वारा लोगों के कल्याण और उत्थान के लिए क्रियान्वित की जा रही योजनाओं का लाभ गरीब से गरीब परिवार को मिल सके। उपायुक्त बचत भवन में विभागीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिले का विकास सभी जिला अधिकारियों की तत्परता और सहयोग से सुनिश्चित किया जाएगा। कुछ विभागों की उदासीनता के कारण लंबित पड़े मामलों को निपटाने के लिए कार्य प्रणाली में सुधार किया जाएगा। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम मनरेगा, एफआरए के तहत लंबित मामलों, स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए शौचालयों, श्री नयनादेवी के डीएफसी गोदाम, आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के बारे में असुरक्षित सूखे पेड़ों को काटने, कार्यालय भवनों की पुरानी वायरिंग बदलने, महिला मंडल प्रोत्साहन योजना, गोबिंद सागर में डूबे मंदिरों को पुनर्स्थापित करने सहित अन्य बहुत से मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि जिला में एक लाख 9 हजार 22 राशनकार्डों से लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध करवाया जा रहा। इसमें एक लाख 3 हजार 952 राशन कार्ड उपभोक्ताओं को डिजिटल बनाकर वितरित कर दिए गए हैं। उन्होंने जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिलासपुर को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जो 3287 राशनकार्ड अनट्रेस्ड हैं। उन्हें तत्परता से कार्य करते हुए साठ दिनों के भीतर जांच करने की प्रक्रिया अमल में लाए।
उन्होंने अधिकारियों का आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम के माध्यम से कंजरवेशन में और बेहतर संभावनाएं तलाशें। नए कार्यों को शैल्फ में शामिल करने के लिए प्रारूप तैयार करें।
उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ अन्य विभागाधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित एफआरए के मामलों का ब्योरा उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर आईएएस प्रोबेशनर राहुल कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलदीप राणा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय कुमार, एसडीएम सदर प्रियंका वर्मा, एसी टू डीसी कविता ठाकुर, उप निदेशक एवं परियोजना अधिकारी डीआरडीए सुभाष गौतम, बीडीओ सदर लतिका सहजपाल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।