घुमारवीं (बिलासपुर)।
विधायक राजेंद्र गर्ग ने चेली और समलोहल गांवों में लोगों की समस्याओं को सुना तथा एतिहासिक जीत दिलाने के लिए जनता का धन्यवाद किया। पंचायत स्तरीय कार्यक्रम के दौरान विधायक ने चेली में आयोजित कार्यक्रम में घोषणाओं की झड़ी लगाई। इस मौके पर भाजयुमो ने विधायक को सम्मानित किया।
राजेंद्र गर्ग ने चेली में सामुदायिक भवन के निर्माण को तीन लाख रुपये, चेली से जोल गांव की सड़क के लिए एक लाख रुपये, समलोहल गांव की सड़क को तीन लाख रुपये, चढ़ोल युवक मंडल को तीन लाख रुपये देने का एलान किया। गर्ग ने कहा कि समलोहल गांव को जाने वाली सड़क की हालत तीन लाख रुपये से सुधारी जाएगी। सड़क पर कंकरीट बिछाई जाएगी। दो पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़क पर आसानी से वाहनों की आवाजाही होगी तथा लोग भी आराम से चल सकेंगे। गर्ग ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाएगा। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर विधायक राजेंद्र गर्ग ने लोगों का आभार भी प्रकट किया। लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर सहित काफी संख्या में भाजपा व भाजपा युवा मोरचा के कार्यकर्ता मौजूद थे।