घुमारवीं (बिलासपुर)।
वरिष्ठ नागरिक सभा घुमारवीं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्थानीय विधायक राजेंद्र गर्ग से मांग की है कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-103 के विस्तारीकरण से स्थानीय निवासियों को हो रही परेशानियों से निजात दिलाई जाए। अन्यथा लोगों को कड़ा पग उठाने को मजबूर होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
सभा के महासचिव हरि सिंह ठाकुर ने बताया कि इस समस्या को लेकर सभा का प्रतिनिधिमंडल 22 जनवरी को एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भेजा जाएगा। उन्होंने असंतोष व्यक्त किया है, कि भगेड़ से लेकर नसवाल तक चल रहे राष्ट्रीय उच्च मार्ग के विस्तारीकरण से हजारों लोगों को नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों को सड़क की धूल से बीमारी होने का खतरा बढ़ गया है। जगह-जगह पेयजल की पाइप लाइन टूटने से पीने के पानी के लिए हाहाकार मची हुई है। इस कार्य से संबंधित विभाग के अधिकारी लोगों की समस्या का शीघ्र समाधान न होने का ठीकरा परस्पर एक दूसरे के सिर पर फोड़ रहे है। अब लोगों को यह समझ नहीं आ रहा है कि वे अपनी फरियाद करें तो किससे पास।
ठाकुर ने बताया कि सड़क निर्माण से इतनी धूल उड़ रही है कि आसपास के इलाकों में आसमान पर बादलों जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। इससे लोगों को सांस की बीमारियां होने का खतरा बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि इस काम को कर रहे ठेकेदार के कर्मचारी कभी-कभार एक समय सड़क की धूल की समस्या से बचाव के लिए पानी का छिड़काव करते हैं। लेकिन कुछ समय बाद वही स्थिति पैदा हो जाता है। ठाकुर ने सदस्यों से अनुरोध किया है कि 22 जनवरी को 10:30 बजे एसडीम कार्यालय के समीप पार्क में एकत्रित हो जाएं।