बिलासपुर।
उपमंडल घुमारवीं के तहत सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य महकमे की ओर से बनाई छत हिम्मर कपाहड़ा उठाउ पेयजल योजना के नजदीक धबेटी नाला में अज्ञात लोगों ने सेफ्टिक टैंक को खाली कर पूरी गंदगी वहां डाल दी। इसके कारण पेयजल योजना के पानी का दूषित होने का खतरा बन गया है। लोगों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत विभाग ने दो दिनों के लिए पानी की आपूर्ति बंद कर दी है। आईपीएच विभाग ने इस संबंध में पुलिस में भी एफआईआर दर्ज करवा दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ इस मामले में कोई आरोपी नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार बरठीं से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर धीणवां खड्ड के साथ लगते एक नाले धबेटी में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की एक पेयजल योजना है। इससे ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध करवाया जाता है। गत दिवस कुछ अज्ञात लोगों द्वारा मल से भरे टैंक को वहां पर फेंक दिया गया। इस कारण योजना प्रदूषित हो गई। आईपीएच अधिकारियों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने पेयजल देना बंद कर दिया और अज्ञात लोगों के खिलाफ योजना को बाधा पहुंचाने के उद्देश्य से किए इस कारनामे के खिलाफ घुमारवीं के सहायक अभियंता मस्त राम चौहान की ओर से घुमारवीं थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस बारे में ग्रामीणों राजकुमार, प्रवीण कुमार, चरण सिंह आजाद, मदन सिह, हरबंस लाल, नरेश कुमार, विशाल, प्यार सिंह, महेंद्र सिंह, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, शशि पाल, रामनाथ ने प्रशासन से मांग की कि मल फेंकने वाले ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि उनके पास आईपीएच महकमे द्वारा एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस प्रकार का कारनामा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।