- ट्रॉली बैग में प्लाई बोर्ड फिट करके छुपाई गई थी खेप
- एएनटीएफ ने फोरलेन पर पकड़ा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कुल्लू ने पंजाब की टैक्सी में सवार एक व्यक्ति को बिलासपुर के नरली में 5.767 किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा है। आरोपी ने शातिर तरीके से चरस को ट्रॉली बैग में प्लाई फिट करके छुपाया था। आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए स्वारघाट थाना पुलिस को सौंपा दिया गया है।
एएनटीएफ ने रविवार तड़के किरतपुर-नेरचौक फाेरलेन पर नरली में नाकाबंदी की थी। इसी बीच सुंदरनगर की ओर से आ रही पंजाब नंबर की टैक्सी को रोका गया। टैक्सी में चालक और एक व्यक्ति बैठा था। चालक ने बताया कि शनिवार को सवारी लेकर कुल्लू गया था। रात को वापस आते हुए कुल्लू से इस व्यक्ति को चंडीगढ़ के लिए लेकर चल पड़ा। एएनटीएफ ने सवारी से सामान की जांच कराने को कहा। उसने डिक्की में रखे ट्रॉली बैग को दिखाया। बैग के अंदर ड्रिल कर के प्लाई बोर्ड को फिट किया गया था। प्लाई को हटाने पर उसे खोलने पर 18 पैकेट बरामद हुए। इसमें कुल 5.767 किलोग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान जीवन सिंह निवासी गांव गदियाड़ा डाकघर भुट्टी भल्याणी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने की है।