बिलासपुर। भारत व पाकिस्तान के बीच तनातनी के बाद बिलासपुर के हरनोड़ा स्थित कोलबांध बिजली परियोजना में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। यहां पर पहले से ज्यादा चौकसी बढ़ा दी गई है, जबकि बिलासपुर जिला में अन्य राज्यों के साथ लगती सीमाओं पर भी पुलिस को मुस्तैद रहने के आदेश जारी हो गए हैं। यहां पर हर संदिग्ध व्यक्ति व वाहन की तलाशी ली जा रही है। बिलासपुर जिला के साथ पंजाब राज्य की सीमा लगती है। जहां से पहले भी हथियार बंद बदमाश हिमाचल में घुस कर हुड़दंग मचा चुके हैं। यहां पर पंजाब की पुलिस बदमाशों का एनकाउंटर भी कर चुकी है।
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनातनी के बाद जिला की 800 मेगावाट कोलबांध बिजली परियोजना में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है, जबकि बिलासपुर के साथ लगती अन्य राज्यों की सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। पिछले तीन दिनों से परियोजना हाई अलर्ट पर है। मंगलवार को कोलबांध की सुरक्षा व्यवस्था में लगी सीआईएसएफ ने मॉक ड्रिल भी किया। परियोजना से गांव को जाने वाले रास्ते में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
कोलबांध परियोजना के लिए बनाई गई झील करीब 40 किमी लंबी है। जिसका दायरा 1302 हेक्टेयर में फैला हुआ है। झील हरनोड़ा से शुरू होकर तत्तापानी में खत्म होती है। झील के आसपास तत्तापानी तक कई गांव बसे हैं। कोलबांध मंडी, बिलासपुर, शिमला और सोलन की सीमा के साथ सटा है।