अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता(बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बलघाड़ के आनंदघाट में बनने वाले बॉयोवेस्ट संयंत्र स्थापित करने का क्षेत्र के लोग विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां संयंत्र बनाया जाना है वहां आसपास सौ मीटर के दायरे में लोगों के घर हैं। जबकि करीब दो दर्जन से अधिक दुकानें भी इस दायरे में आती हैं। जबकि यहीं पर प्राचीन सर्वेश्वर महादेव मंदिर भी है जहां सैकड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में यहां पर उक्त संयंत्र स्थापित करना किसी भी हाल में सही नहीं है जिससे इस संयंत्र के यहां लगने से क्षेत्र पूरी तरह से प्रदूषित होगा। वहीं आसपास रहने वाले लोगों और कारोबारियों को भी इससे नुकसान पहुंचेगा।
स्थानीय लोगों सुरेंद्रा कपिल, बांकू राम, रविंद्र कुमार, कृष्णु राम, राम लाल, नरेश कुमार, संदीप सिंह, रणजीत सिंह, होशियार सिंह, सुभाष, रणधीर सिंह, प्रकाश चंद, प्यार सिंह, दिनेश कुमार, राजेंद्र कुमार, सदा नंद, जय सिंह, संजीव कुमार, निक्कू राम, काली दास, पान सिंह, ओम प्रकाश, सलोकम चंद, राकेश कुमार, पूनम, रीना, सुमन, निशा, मंजू, शकुंतला देवी सहित अन्य लोगों ने उपमंडलाधिकारी नागरिक झंडूता को ज्ञापन सौंप कर इस संयंत्र को किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने की मांग उठाई है।
लोगों ने इसके साथ ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मुख्य सचिव, उपायुक्त एवं सदस्य सचिव राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी आनंदघाट में लगाए जा रहे बॉयोवेस्ट संयंत्र को किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने की मांग की है ताकि क्षेत्र में प्रदूषण न फैले।
---------------