घुमारवीं में स्ट्रीट लाइटें खराब, जनता परेशान
स्ट्रीट लाइटें खराब होने से कई वार्डों में छाया अंधेरा
शिकायतें करने के बावजूद समय पर नहीं हो रहा समाधान
तीन दिन से शहर में नहीं जली कोई भी स्ट्रीट लाइट
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के सात वार्डों में पिछले काफी समय से कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। नगर परिषद ने कुछ समय पूर्व पूरे शहर को एलईडी की लाइटों से गुलजार किया गया था लेकिन समय पर इन लाइटों के रखरखाव न हो पाने से आधे से ज्यादा लाइटें खराब हो गई हैं। इस बारे में स्थानीय लोगों की ओर से शिकायतें भी की गईं, लेकिन उसके बावजूद भी लाइटें ठीक नहीं हो पा रही हैं।
आठ किलो मीटर के दायरे में पड़ने वाले नगर परिषद घुमारवीं में 800 के करीब लाइटें लगी हैं जिससे शहर के लगभग 28 हजार लोगों को इन स्ट्रीट लाइटों का लाभ मिलेगा। इन दिनों शहर के हर वार्ड से स्ट्रीट लाइटों को लेकर लोग अपनी शिकायतें लेकर नगर परिषद के पास आ रहे हैं लेकिन नगर परिषद का रवैया लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। जबकि नगर परिषद बार-बार यही दावे करती है कि लोगों की जो भी समस्याएं हैं उनका समाधान तुरंत प्रभाव से किया जाता है, पर यह दावे खोखले साबित हो रहे हैं। लोगों को स्ट्रीट लाइटों के खराब होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में राकेश कुमार, मस्त राम, प्रदीप गुप्ता, मंजीत सिंह, दिनेश कुमार, लखन, सुख देव, निक्कू, विशाल, मनत, दीप ने कहा कि नगर परिषद के कार्यालय में कई बार शिकायतें करने के बाद भी स्ट्रीट लाइटें ठीक नहीं हो रही हैं। नगर परिषद से आग्रह किया है कि खराब पड़ी लाइटों को शीघ्र ठीक करवाया जाए।
नगर परिषद अध्यक्षा गीता महाजन का कहना है कि जिन-जिन वार्डों से लोग स्ट्रीट लाइटों की खराबी को लेकर शिकायतें कर रहे हैं वहां पर नगर परिषद के कर्मचारी रूटीन के अनुसार कार्य कर रहे हैं। अगर फिर भी किसी व्यक्ति का कार्य नहीं होता है तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। शहर में तीन दिनों से कोई भी स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही हैं। इस बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
---------------------
..सुरेंद्र जम्वाल....खेमराज शर्मा।