अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। डियारा सेक्टर में डेंगू के प्रकोप को देखते हुए नगर परिषद बिलासपुर ने शुक्रवार सुबह दस बजे सफाई अभियान चलाया। सुबह से अपने कार्य संपन्न कर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सहित वार्ड पार्षदों ने सफाई अभियान में भाग लिया। इस दौरान नालियों की सफाई के साथ-साथ झाड़ियों को भी काटा गया। वहीं डियारा सेक्टर स्थित कबाड़ की दुकान करने वाले मालिक को कहा गया कि वह अपना कबाड़ समय पर उठा ले, अन्यथा कबाड़ को जब्त कर लिया जाएगा।
डियारा सेक्टर में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है जिसको देखते हुए नगर परिषद ने यह विशेष सफाई अभियान चलाया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी केआर ठाकुर का कहना है कि डेंगू का प्रकोप डियारा सेक्टर में ज्यादा है। इसी को देखते हुए इस तरह का सफाई अभियान चलाया गया है।
अधिकारी ने बताया कि सफाई अभियान के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के साथ भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भी आह्वान किया है कि वह अपने घरों के आसपास सफाई रखे व घर के आसपास पानी न ठहरने दें ताकि इसमें मच्छर न पनप सके।
वहीं नगर परिषद अध्यक्षा सोमा देवी ने भी लोगों से आह्वान किया है कि वह घरों के आसपास सफाई रखे, घर के अंदर व बाहर पानी एकत्रित न होने दें ताकि मच्छर पैदा न हो सकें। दोपहर तक नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी व बेलदार नालियों, रास्तों की सफाई में जुटे रहें। वहीं डियारा सेक्टर स्थित एक कबाड़ की दुकान में भी कार्यकारी अधिकारी गए व उससे वहां से कबाड़ उठाने को कहा। इस अभियान में ईओ केआर ठाकुर, अध्यक्षा सीमा देवी, पार्षद नंदलाल राही, बिमला देवी, माया देवी सहित उमेश गौतम, सफाई निरीक्षक गुरदास राम वर्मा, नप के सफाई कर्मचारी व अन्य बेलदार भी शामिल थे।
--------------------