शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में चैत्र मेला बुधवार को चैत्र माह की संक्रांति के साथ ही शुरू हो गया गया है। एक माह तक चलने वाले इस मेले का शुभारंभ बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं झंडूता के एसडीएम नवीन कुमार शर्मा ने पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत तलाई के दोनों दलों के स्थानीय नेता उपस्थित रहे। जो बाजार में चर्चा का विषय बने रहे। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत तलाई में भाजपा का दबदबा है, जबकि मंदिर न्यास में कांग्रेस समर्थक न्यासी हैं। इससे पूर्व कभी कांग्रेस सर्मथक तो कभी भाजपा समर्थक इस आयोजन पर दूरी बनाए रखते आ रहे हैं, लेकिन इस बार नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता और मंदिर न्यास के न्यासी, पूर्व कांग्रेस समर्थक पार्षद और कार्यकर्ताओं ने पूजा अर्चना और झंडा रस्म में पूर्ण रूप से भाग लिया।
हालांकि झंडूता के भाजपा के विधायक जीतराम कटवाल और पूर्व कांग्रेसी विधायक डॉ. वीरू राम किशोर इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाए। जबकि कांग्रेस और भाजपा के दोनों दलों के समर्थकों के इस कार्यक्रम में शामिल होने से लोगों में क्यास लगाए जा रहे हैं, कि अगर दोनों दलों के नेता इसी तरह विकास कार्यों में भी एकता दिखाएं तो वह दिन दूर नहीं जब स्वास्थ्य, सड़क, पार्किंग, सीवरेज जैसी समस्याओं से जुझ रहे शाहतलाई के बाशिंदों को इस समस्याओं का समाधान करवाने में देर नही लगेगी। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत तलाई में न तो कोई बड़ा कार्यालय है। मात्र तलाई के बाशिंदे बाबा जी की कृपा दृष्टि पर गुजर-बसर करते हैं।