बिलासपुर। घुमारवीं व सदर विधानसभा क्षेत्र की सीमाओं के साथ सटी ग्राम पंचायतें भपराल व पटेर के कई गांव ऐसे हैं जहां लोगों को आज भी जान हथेली पर रखकर सिर खड्ड को पार करना पड़ता है। नेताओं द्वारा विकास के दावे किए जाते हैं। लेकिन, दोनों विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाले पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस पुल के बनने से दोनों पंचायतों की हजारों की आबादी लाभान्वित होनी थी। लेकिन, 20 साल बाद भी पुल का निर्माण नहीं हो पाया है। आज भी लोग जान हथेली पर रखकर नदी पार कर अपने घरों को पहुंच रहे हैं। बरसात के दिनों में बाढ़ आने से लोगों को सिर खड्ड को पार करना मुश्किल हो जाता है। इससे बरसात के मौसम में बच्चे भी स्कूल जाने से वंचित रह जाते हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस पुल का 20 साल पहले तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री मंत्री महेंद्र सिंह ने शिलान्यास कर निर्माण शुरू करवाया था। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी। लेकिन यहां के लोगों को केवल आश्वासन पर ही संतोष करना पड़ा। करीब 20 साल बीत जाने के बाद भी पुल अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाया। इसके चलते करीब दो दर्जन गांवों के हजारों लोगों को पैदल ही अपना जीवन गुजर बसर करना पड़ रहा है।
सदर विधायक बंबर ठाकुर ने प्रयास किए। जिस कारण पुल का काम धीमी गति से ही सही लेकन शुरू हुआ है। उन्हें उम्मीद बंधी थी कि शीघ्र ही इस पुल का निर्माण कार्य हो जाएगा। लेकिन, अधूरा ही रह गया।
उधर, सदर विधायक बंबर ठाकुर ने बताया कि इस पुल के शीघ्र निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए बजट का भी प्रावधान कर दिया गया है। विभाग के अधिकारियों को भी आदेश दिए गए हैं कि समयसीमा के अंदर पुल को तैयार करे, ताकि लोगों को अतिशीघ्र लाभ मिल सके।