बिलासपुर कॉलेज परिसर में सफाई करने वाले एनसीसी कैडेट्स। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन
कॉलेज परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
विद्यार्थियों से कचरा न फैलाने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के एनसीसी आर्मी विंग के 44 कैडेट्स ने श्रमदान कर ओपन स्टडी एरिया की सफाई की। एएनओ कैप्टन (डॉ.) जय चंद के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान कैडेट्स ने परिसर से कचरा और खाने-पीने की वस्तुओं के रैपर हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
इस दौरान कैडेट्स ने कचरा एकत्रित कर बैठने की जगह को साफ किया। कैप्टन (डॉ.) जय चंद ने उन्हें स्वच्छता का महत्व समझाते हुए परिसर को साफ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से खाने-पीने की वस्तुओं के रैपर और अन्य कचरा खुले में न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के अवशेष खुले में छोड़ने से बंदर आकर्षित हो सकते हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।