जिले में एबीवीपी की ओर से आयोजित स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा देते हुए बच
पांच केंद्रों में हुई आयोजित, 520 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीकरण
जिला स्तर पर पहले विजेता को दी जाएगी 10 हजार रुपये की इनामी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिलासपुर ने स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया , जिसमें जिले से 421 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी। परीक्षा के लिए 520 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।
परीक्षा के लिए जिले में पांच केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा लदरौर स्कूल, एसवीएम बिलासपुर, एसवीएम घुमारवीं, एसवीएम ऋषिकेश और शिवालिक पब्लिक स्कूल जुखाला में हुई। परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक हुई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिलासपुर के सोशल मीडिया संयोजक मोहित ने कहा कि यह प्रतियोगिता पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें भाग लेकर अपने ज्ञान और चिंतन क्षमता का विकास कर सकें। इसका उद्देश्य युवाओं में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर पहले विजेता को 31 हजार रुपये, दूसरे विजेता को 21 हजार रुपये और तीसरे विजेता को 15 हजार रुपये इनाम राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर पहले विजेता को 10 हजार रुपये, दूसरे विजेता को सात हजार रुपये और तीसरे विजेता को पांच हजार रुपये इनाम राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों से प्रेरित होकर यह प्रतियोगिता युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर रहती है और इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी व ज्ञानवान नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं।