बिलासपुर। बिलासपुर जिला में अब जल्द ही इलेक्ट्रिकल बसें दौड़ती नजर आएंगी। इसके लिए पथ परिवहन निमग की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो जल्द ही बिलासपुर की सड़कों पर इलेक्ट्रिकल बसें पहुंचेंगी। हालांकि पहले चरण में पांच बसें बिलासपुर आएंगी। इलेक्ट्रिकल बसों के बिलासपुर आने से पहले इसके लिए चार्जिंग की व्यवस्था को पूरा किया जा रहा है। इसी कड़ी में एचआरटीसी बिलासपुर में तीन चार्जिंग प्वाइंट लगाए जा रहे हैं। जहां इलेक्ट्रिकल बसों को चार्ज किया जाएगा। इसके लिए बिजली बोर्ड की सभी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है। वहीं करीब साढे़ नौ लाख की राशि भी बिजली बोर्ड को जारी कर दी गई है। राशि मिलने के बाद बिजली बोर्ड जल्द ही बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट लगाने के लिए बिजली की व्यवस्था कर देगा।
बताया जा रहा है कि एचआरटीसी की योजना है कि मनाली में चलने वाली इलेक्ट्रिकल बसों को सर्दी के मौसम में मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर आदि स्टेशनों पर चलाया जाएगा। उसके लिए भी उक्त जिलों में चार्जिंग प्वाइंट होना जरूरी है। बिलासपुर जिला को पांच नई इलेक्ट्रिकल बसें मिलेगी।
आधुनिक तकनीक से लेस ये बसें आधा घंटा चार्ज करने के बाद करीब 150 किमी का सफर तय करेंगी। इन बसों को ऐसे रूटों पर चलाया जाएगा जहां से लौट कर बिलासपुर पहुंच कर चार्जिंग कर सकें। आरएम बिलासपुर पवन शर्मा ने बताया कि चार्जिंग प्वाइंट लगाने के लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है। वहीं बिजली बोर्ड को भी राशि का भुगतान कर दिया गया है।