अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने राज्य हज कमेटी के सदस्या रफीक मोहम्मद और वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व में राष्ट्रीय परिषद सदस्य व असाम प्रदेश प्रभारी जैड भूट्टो की अध्यक्षता में विरोध रैली निकाली।
इस मौके पर समुदाय के लोगों ने सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले के विरोध में पाकिस्तान मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। वहीं घुमारवीं जामा मस्जिद से लेकर एसडीएम कार्यालय तक रोष रैली भी निकाली, जिसके बाद एसडीएम के माध्यम से पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भारत सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कहा कि भारत को अब इस संबंध में कड़े कदम उठाने होंगे ताकि फिर से इस प्रकार के हमले की कोई हिम्मत नहीं जुटा सके। इस रैली में करीब 250-300 मुस्लिम समुदाय के लोग ने भाग लिया। इस मौके पर उक्त लोगों ने तिरंगा झंडा हाथ में लेकर हिंदोस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। इस मौके पर नीम अख्तर, मोहम्मद शहनाज, तसीर मोहम्मद, हाजी, बसीर, ताज मोहम्मद व कर्मदीन सहित अन्य लोगों ने प्रदर्शन में भाग लिया।