अमर उजाला ब्यूरो
जुखाला (बिलासपुर)। सिकरोहा पंचायत के जनेड़ गांव में प्राथमिक पाठशाला के पास लगे ट्रांसफार्मर का खुला बक्सा हादसों को न्योता दे रहा है। इसकी वजह से यहां पर कभी भी कोई घटना घट सकती है। लोगों ने इसके चारों ओर कांटेदार तार लगाने और इस बक्से को बंद करने की मांग की है।
यहां पर स्कूल के पास बिजली का ट्रांसफार्मर लगा है जिसका बक्सा खुला है। यह जमीन से थोड़ी सी ऊंचाई पर है, यहां छोटे बच्चे आसानी से पहुंच सकते हैं। इस कारण थोड़ी सी लापरवाही से कोई भी घटना घट सकती है।
अभिभावकों पंकज शर्मा, राजकुमार, राकेश, महेंद्र, अंजू ठाकुर, सोनिया व रीनू ने बताया कि ट्रांसफार्मर का बक्सा खुला है तथा यह जमीन से थोड़ी ही ऊंचाई पर है। इस कारण कोई भी बच्चा यहां आसानी से पहुंच सकता है। इस कारण उन्हें अपने बच्चों की चिंता लगी रहती हैं। बिजली बोर्ड से इस ट्रांसफार्मर के चारों ओर कांटेदार तार लगाने व इसके बक्से को ताला लगाने की गुहार लगाई है।
इस बारे में कनिष्ठ अभियंता विद्युत अनुभाग नम्होल बृजलाल ठाकुर ने कहा कि ट्रांसफार्मर के बक्से को ताला लगा दिया जाएगा तथा कांटेदार तार को भी शीघ्र लगाया जाएगा ताकि कोई घटना न घटे।