अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई पुलिस में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग कलोल के सहायक अभियंता सुरेश रणौत ने ग्राम पंचायत बल्हसीणा के गांव कजैल के एक परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में लिखा गया है कि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से टपा व दधोग के बांशिदों के लिए उठाऊ पेयजल योजना से एक टैंक में पानी डालने के लिए बिछाई गई पाइप में रिसाव होने के कारण उसे बदला जा रहा था।
इस दौरान कजैल गांव के एक परिवार ने विभाग को नई पाइप जोड़ने से रोका और झगड़ा करने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने सिंचाई व जनस्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता की शिकायत पर भारतीय आचार संहिता की धारा 430 के तहत मामला दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, घुमारवीं डीएसपी राजेंद्र कुमार ने खबर की पुष्टि की है। कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
---------------------------