अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। डेंगू के मरीजों में कमी होने की बजाय लगातार बढ़ती ही जा रही है। मंगलवार को रिकॉर्ड तोड़ जिला अस्पताल में डेंगू के 34 नए मामले सामने आए हैं। इस समय बिलासपुर शहर व जुखाला के मार्कंडेय में स्थिति बेहद नाजुक है। जबकि जिला के अन्य जगहों से भी डेंगू के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। बिलासपुर अस्पताल में सात डेंगू के मरीज उपचाराधीन हैं। जबकि 160 मरीजों का इलाज घरों में ही चल रहा है। जबकि हमीरपुर से भी एक डेंगू का मरीज जिला अस्पताल पहुंचा है।
नोडल अधिकारी डॉ. परविंद्र शर्मा ने जिला में फैले डेंगू रोग के बारे में बताया कि मंगलवार को डेंगू के 34 नए मामले दर्ज किए गए। इसमें से 12 मामले बिलासपुर शहर से, 13 मामले मार्कंडेय से, 1 मामला झंडूता, 3 मामले घुमारवीं से, 1 मामला हमीरपुर से और 4 मामले मंडी से दर्ज किए गए हैं। इस समय डेंगू से पीड़ित 160 रोगियों का इलाज चल रहा है। उनमें से डेंगू से पीड़ित सात रोगी अस्पताल में दाखिल हैं और शेष रोगियों का इलाज घरों में ही हो रहा। डेंगू रोग की रोकथाम के लिए वार्ड- 5 में 17 घरों में कीटनाशक स्प्रे करवाई गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से वार्ड- 1से 11 तक में जाकर 150 लोगों के घरों का निरीक्षण किया। इनमें 84 घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकलें तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें। घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाएं ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।