अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनयना देवी(बिलासपुर)। श्रीनयना देवी में गोलीकांड मामले में पंजाब के बदमाशों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने कोट थाना में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एनकाउंटर में मारे गए बदमाश का शव पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेजा गया है।
श्रीनयना देवी में फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर से साक्ष्य जुटाए। वहीं इस पूरे मामले को लेकर मैजिस्ट्रेट जांच भी करवाई जाएगी जिस संबंध में पुलिस ने उपायुक्त बिलासपुर को लिखा है। इस पूरे मामले के दौरान एनकाउंटर में मारे गए बदमाश का शव पोस्टमार्टम भी एसडीएम के सामने होगा। वहीं पूरी प्रक्रिया का वीडियो रिकार्ड किया जाएगा।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में कोट थाना में मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेजा गया है। मामले की मैजिस्ट्रेट जांच करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए पंजाब के बदमाशों को पुलिस रविवार को कोर्ट में पेश करेगी। बदमाशों के खिलाफ भादंसं की धारा 353, 332, 307, 34 और 25,27 आर्म एक्ट 1959 के तहत मामला दर्ज किया गया कहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।