बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश टावर लाइन शोषित जागरूकता मंच के प्रदेश संयोजक अधिवक्ता रजनीश शर्मा और राज्य कानूनी सलाहकार अधिवक्ता अजय हुड्डा ने कहा कि जयराम ठाकुर के सीएम बनने से प्रभावितों में न्यास की आस जगी है। क्योंकि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वायदा किया है कि टॉवर लाइन प्रभावितों को उनका हक दिलाएंगे।
रजनीश शर्मा ने बताया कि टावर लाइन प्रभावित एवं विस्थापितों को लेकर जयराम ठाकुर से मदद मांगी गई थी। जयराम ठाकुर ने वर्ष 2017 में बजट सत्र के दौरान विधानसभा में पार्वती कोलडैम ट्रांसमिशन कंपनी की टावर लाइन से जिला मंडी व बिलासपुर के नाचन, सराज व सदर विधानसभा में घरों, दुकानों, मवेशी खानों में लग रहे करंट के झटकों, टॉवर लाइन में धमाकों आदि के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अब जयराम सीएम बनने जा रहे हैं। इससे टावर लाइन प्रभावितों को आस जगी है कि उन्हें अब जल्द न्याय मिलेगा।
मंच के जिला प्रधान बाबूराम ठाकुर, उपप्रधान हरि सिंह ठाकुर, सचिव राजेश ठाकुर, कोषाध्यक्ष होशियार सिंह आदि ने कहा कि हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की रोजी-रोटी व जान की सुरक्षा से जुड़ी समस्या का निपटारा मुख्यमंत्री विशेष कानून बनाकर व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर करेंगे।