बिलासपुर। बिलासपुर की जनता को मायूसी हाथ लगी है। बिलासपुर के लोग केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा होने की आस में शिमला गए थे। जयराम ठाकुर के सीएम बनने की घोषणा होने के बाद बिलासपुर के लोग मायूस हो गए। जबकि लोगों को आस थी कि इस बार सीएम जेपी नड्डा ही बनेंगे।
बिलासपुर में हुई पीएम मोदी की रैली में भी प्रधानमंत्री ने जेपी नड्डा को सीएम की दौड़ में सबसे आगे खड़ा कर दिया था। यहां पर उन्होंने नड्डा की तारीफों के पुल बांध दिए थे। जबकि रैली में मौजूद धूमल का उन्होंने कहीं जिक्र तक नहीं किया था। पीएम की बिलासपुर रैली से स्पष्ट हो गया था कि सीएम नड्डा ही बनेंगे। लेकिन शिमला में हुई विधायक दल की बैठक में जयराम ठाकुर के नाम पर ही सहमति बनी। बिलासपुर से भी काफी संख्या में लोग रविवार को शिमला के लिए रवाना हो गए थे। लोग वहां नड्डा के सीएम बनने की घोषणा सुनना चाहते थे।
जैसे ही उन्हें पता चला कि जयराम ठाकुर के सीएम बनने की घोषणा हो गई है, तो मायूस होकर लौट आए, जबकि कई बीच रास्ते से ही लौट आए। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर के एक विधायक ने तो नड्डा के सीएम बनने के बाद अपनी सीट छोड़ने का भी एलान कर दिया था। विधायक ने कहा था कि जैसे ही नड्डा के सीएम पद की घोषणा होगी वह उसी समय अपनी सीट छोड़ने का एलान कर देंगे।
जयराम के सीएम बनने की खुशी में बांटी मिठाइयां
भाजपा विधायक जयराम ठाकुर को प्रदेश का मुख्यमंत्री घोषित करने के बाद जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। जिला भाजपा के उपाध्यक्ष एवं पंचायत समिति के पूर्व चेयरमैन राजकुमार कौडंल ने जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इनके नेतृत्व में पूरे प्रदेश में चहुंमुखी विकास होगा। इस मौके पर ग्राम पंचायत घराण में कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। इस मौके पर सनीहरा पंचायत प्रधान कमल चौहान, स्थानीय ग्राम पंचायत उपप्रधान वीरी सिंह, पंचायत समिति सदस्य जडू रामपाल, युवा मोर्चा के रविंद्र कुमार मौजूद रहे।