बरठीं(बिलासपुर)। बरठीं क्षेत्र में बच्चों का निजी स्कूलों से मोह भंग होने लगा है। सरकारी स्कूलों का बेहतर परीक्षा परिणाम देख कर क्षेत्र के विभिन्न निजी स्कूलों से 30 बच्चों को नाम कटवा कर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है।
जानकारी के अनुसार राजकीय उच्च वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छत में क्षेत्र के निजी स्कूल में पढ़ने वाले 30 बच्चों ने प्रवेश लिया। पाठशाला के प्रधानाचार्य हंस राज शांडिल सहित अन्य स्टाफ ने बताया कि स्कूल के अध्यापकों ने निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने वाले क्षेत्र के लोगों से संपर्क किया तथा उनको सरकारी स्कूल में निजी स्कूल से भी बेहतर शिक्षा देने की बात की।
उन्होंने बताया कि स्कूल के अध्यापकों के भरोसे को देखते हुए ग्राम पंचायत छत के विभिन्न गांवों के करीब 30 बच्चों ने स्थानीय पाठशाला में प्रवेश दिलाया। उन्होंने कहा कि पाठशाला का परीक्षा परिणाम भी काफी बेहतर आ रहा है तथा परीक्षा परिणाम को भी देखते हुए अभिभावक काफी संतुष्ट हैं जिस कारण उन्होंने सरकारी स्कूल पर भरोसा किया है। यही कारण है कि विभिन्न निजी स्कूलों से छात्र सरकारी स्कूल में पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस सत्र में भी स्कूल के शिक्षक बेहतर परीक्षा परिणाम देने का पूरा प्रयास करेंगे।
...