बिलासपुर। शहर के लखनपुर में स्थित पुलिस लाईन मैदान में रविवार को प्रेस इलेवन और एसपी इलेवन के मध्य दोस्ताना क्रिकेट मैच खेला गया। मैच बहुत रोमांचक रहा। प्रेस इलेवन ने मैच के अंतिम क्षणों में भारी उलटफेर करते हुए मैच को अपने नाम कर लिया। प्रेस इलेवन ने मैच एक विकेट से जीत लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दीं।
प्रेस इलेवन के कप्तान विजय कुमार ने टॉस जीत कर पहले क्षेत्र रक्षक का निर्णय लिया। एसपी इलेवन की शुरूआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज आदित्य शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। जबकि दूसरे छोर पर आदित्य कटारिया ने टीम को बेहतरीन सहारा दिया और वे अंतिम ओवर तक डटे रहे।
एसपी इलेवन की ओर से आदित्य कटारिया ने 23, ललित ने 34, इरशाद खान ने 20, कप्तान सुशील ने 15 और अजय ने 28 रनों का योगदान दिया। एसपी इलेवन कुल बीस ओवरों में छह विकेटों के नुकसान पर 126 रन बना पाई। प्रेस इलेवन की ओर से शुभम राही, विजय स्टार्क और कपिल व खेमराज ने एक-एक विकेट हासिल किया।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस इलेवन की टीम के सलामी बल्लेबाज विजय कुमार और जितेंद्र कुमार ने टीम को अच्छी शुरूआत दी लेकिन तीसरे ओवर में जितेंद्र कुमार रन आउट हो गए। प्रेस इलेवन की ओर से सुभाष ने टीम को अच्छा सहारा दिया और वे अंत तक आउट नहीं हुए। प्रेस इलेवन की ओर से विजय कुमार ने 15, कपिल ने 13, सिद्धार्थ ने 14, सुभाष ठाकुर ने 27 और शुभम ने 9 रन बनाए।
एसपी इलेवन की ओर से मनीष ने एक, अजय ने दो, ईरशाद ने दो, चंद्रशेखर ने दो विकेट हासिल किए। मैच का रोमांच अंतिम गेंद तक बना रहा। जहां पर खेमराज शर्मा ने सुभाष ठाकुर का साथ देकर अंतिम गेंद पर अंतिम रन पूरा किया तथा टीम को विजय दिलाई। इस मैच में अमित कुमार और कमांडर ने अंपायर की भूमिका निभाई जबकि अजय कुमार स्कोरर रहे।