अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। जनप्रिय और आम जनता के हितों की रक्षा करने वाला बजट केंद्र सरकार ने प्रस्तुत किया है। यह बजट आम जनता, किसान, मजदूर, दिहाड़ीदार तथा छोटे कारोबारियों के भविष्य को सुरक्षित करता है। यह बात विधायक घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र राजेंद्र गर्ग ने ग्राम पंचायत लैहड़ी सरेल के गांव जोल में लोगों की समस्याएं सुनने के पश्चात उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर यातायात की सुविधाएं प्रदान करने के लिए विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है। डंगार से बरोटा 6 किलोमीटर लंबी सड़क के सुधारीकरण पर 3 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं जिसका कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और गर्मियों से पहले इस सड़क के कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांग पर चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है जिससे आम जनता के साथ-साथ पीजीआई जाने वाले लोगों को सुविधा उपलब्ध हुई है। उन्होंने जोल युवक मंडल के भवन निर्माण के लिए 4 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर सहायक अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग भराड़ी रविंद्र रणोत, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग रणजीत राणा, प्रधान ग्राम पंचायत डंगार राजो देवी, उप प्रधान पडयालग राजेश, पूर्व बीडीसी सदस्य मनोज कुमार व अन्य लोग मौजूद थे।
-------------