बिलासपुर। मार्च-2019 में होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले को और आकर्षक बनाने के लिए प्रशासन ने कदमताल शुरू कर दी है। वीरवार को उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया की अध्यक्षता में जिला के विभिन्न अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मेले की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। वहीं इस बार मेले का मुख्य आकर्षण हॉफ मैराथन, पैराग्लाइडिंग, कबड्डी व अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता होगी।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि प्राचीन परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ आधुनिक व स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। नलवाड़ी मेला-2019 को भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से मेले में अन्य नई गतिविधियों को भी शामिल किया जाएगा। मेले के दौरान कहलूर उत्सव में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के अतिरिक्त सांध्यकालीन मंच पर स्थानीय व प्रदेश के अन्य जिलों को अपनी लोक संस्कृति को प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। लोगों के भरपूर मनोरंजन के लिए स्टार नाइट के अतिरिक्त पंजाबी व हिमाचली कल्चर नाइट भी आयोजित की जाएगी।
जिला की सांस्कृतिक विरासत के अंश संकलित करके एक बहुरंगी दस्तावेजी स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी। बैठक में मेले के दौरान विद्युत, सफाई, पेयजल, यातायात व कानून व्यवस्था बनाने के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर एडीएम श्रवण मांटा, एएसपी भागमल, एसडीएम प्रियंका वर्मा, सहायक आयुक्त पूजा चौहान, डीआरओ देवी राम, पीओ डीआरडीए संजीत चौहान, बीडीओ गौरव धीमान के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हेलीकॉप्टर उड़ाने को लेकर नहीं हुई चर्चा
नलवाड़ी मेले में पिछली बार की तरह इस बार हेलीकॉप्टर उड़ाने को लेकर किसी तरह की कोई भी चर्चा नहीं की गई। पिछले नवालड़ी मेले में प्रशासन द्वारा सिंगल इंजन का हेलीकॉप्टर उड़ाया गया था। जिसका बिलासपुर सहित बाहरी जिलों के लोगों ने भी लुत्फ उठाया था। इसमें लोगों को सात मिनट की राइड दी जा रही थी। लेकिन अभी तक इस बार उपायुक्त की ओर से हेलीकॉप्टर उड़ाने को लेकर कोई भी चर्चा नहीं की गई। जिससे लोगों में अभी यह असमंजस है कि इस बार हेलीकॉप्टर उड़ेगा या नहीं।