अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। निजी बसों की हड़ताल के बावजूद भी लोगों ने एचआरटीसी की बसों में सफर किया। यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए एचआरटीसी बिलासपुर डिपो ने अपनी सभी अतिरिक्त बसों सहित लंबे रूट से आई बसों को भी सड़क पर उतार दिया। कुल मिलाकर सोमवार को बिलासपुर जिला के विभिन्न रूटों पर 160 से ज्यादा बार आवागमन किया। सोमवार को एक लाख से ज्यादा यात्रियों ने बिलासपुर में एचआरटीसी की बसों में सफर किया।
वहीं निजी बसों के न चलने से सोमवार को आम लोगों के साथ नौकरी पेशा लोगों के अलावा स्कूल और कॉलेज के बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पथ परिवहन की निगम के तमाम प्रयासों के बाद भी लोग दिन भर सड़कों और बस अड्डों पर बसों का इंतजार करते रहे। सरकारी बसें ओवर लोड रही। वहीं लोग बसों का पीछा करते हुए भी साफ देखे गए।
हालांकि कई जगहों पर लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। दोपहर 12 बजे तलाई में बस अड्डा पर लोग बसों के इंतजार में खड़े रहे लेकिन उसके तुरंत बाद जैसे ही 12:15 बजे हरियाणा रोडवेज की बस आई तो लोग बस में चढ़ने के लिए भागे। तलाई में लोग बसों के लिए भटकते रहे।
इसी तरह दोपहर एक बजे घुमारवीं बस अड्डा में यात्रियों की खासी भीड़ उमड़ी। यहां पर लोग बसों के इंतजार के लिए खड़े रहे। जैसे ही यहां पर सवा एक बजे व डेढ़ बजे सरकारी बस पहुंची तो लोग बस लेने के लिए भाग पड़े।
इसके अलावा बिलासपुर बस अड्डा में भी शाम चार बजे स्कूल व कॉलेज के बच्चों की खासी भीड़ उमड़ी। यहां पर बंदला, भराड़ी, घुमारवीं के लिए लगी विभिन्न बसों में काफी संख्या में विद्यार्थी उमड़ पड़े। करीब साढ़े चार बजे बस अड्डा से एक साथ चार सरकारी बसें अपने गंतव्य की ओर निकलीं जोकि यात्रियों से खचाखच भरी थीं।
इनसेट...
आरएम पवन कुमार शर्मा ने स्वयं संभाला मोर्चा
बिलासपुर के आरएम पवन कुमार शर्मा ने भी यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो, इसके लिए वह स्वयं बिलासपुर बस अड्डा में तैनात रहे। शाम पांच बजे तक उन्होंने बसों व चालक व परिचालकों से बातचीत कर यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखा।
-------------------