अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। पूर्व दिव्यांग संघ के प्रदेश महासचिव अमित कुमार कश्यप की अध्यक्षता में घुमारवीं के शिव मंदिर में दिव्यांगों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान हॉल ही में दिव्यांगों के अध्यक्ष श्रवण कुमार लखनपाल के निधन पर दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
बैठक में दिव्यांगों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। सरकार से मांग की गई कि पंचायतों में आईआरडीपी में चयन सामान्य श्रेणी के परिवारों की तरह न किया जाए क्योंकि सामान्य व्यक्ति रोजीरोटी के लिए स्वाभाविक रूप से श्रम कर सकता है लेकिन अक्षम व्यक्ति को रोजगार से संबंधित व्यक्तियों को श्रम करने में कठिनाई होती है। ऐसे दिव्यांगों को सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार आईआरडीपी, अंत्योदय में सीधे शामिल किया जाना चाहिए ताकि ऐसे दिव्यांगों को आरक्षित सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
बैठक में फैसला लेते हुए हिमाचल के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया कि दिव्यांगों का मासिक भत्ता 1300 से बढ़ाकर 2500 रुपये तक किया जाए ताकि दिव्यांगों को आजीविका के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े।
बैठक में परिवहन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर से अनुरोध किया गया है कि सरकार की ओर से दिव्यांगों को सरकारी बसों में 2 व 3 नंबर सीटें आरक्षित की हैं इनके बजाए 10 व 11 नंबर सीटों को आरक्षित किया जाए ताकि दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सुविधाजनक हो। बैठक में जगदीश ठाकुर, प्रकाश चंद, जय कुमार, सावित्री देवी, अशोक कुमार, महेंद्र सिंह, राजेश मेहता, सुदर्शन, अश्वनी चंदेल, विनोद, अंजना कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।