बिलासपुर। सेव माउंट संस्था की बैठक ब्रह्मपुखर में अध्यक्ष पवन ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कहा कि ब्रह्मपुखर-नौणी सड़क का मरम्मत कार्य दोबारा बंद हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेकेदार ने जो एक किलोमीटर का कार्य किया है उसमें भी एक जगह पर काम नहीं हुआ है। धूल से बुरा हाल है। दुकानदार कोई भी सामान नहीं बना पा रहे हैं। इससे उनका धंधा चौपट हो रहा है। सेव माउंट के सचिव संजय कटवाल ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत करवाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन ठेकेदार से सड़क पर समय-समय पर पानी का छिड़काव करवाए ताकि धूल से छुटकारा मिल सके। संस्था का कहना है कि अगर ठेकेदार और विभाग अपना काम नहीं करता है तो स्थानीय लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। अध्यक्ष पवन ठाकुर ने काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पहले एक किलोमीटर का काम तो ठेकेदार ने सही किया, लेकिन आगे जो काम हो रहा है उसमें भारी अनियमितताएं हैं। संस्था ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के मरम्मत कार्य को जल्द शुरू करवाया जाए। इस मौके पर पवन, राज कुमार, महेंद्र ठाकुर, अश्वनी ठाकुर, नितेश पाठक, अंकुश, धीरज गौतम, मनु ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।