घुमारवीं (बिलासपुर)। विधानसभा चुनाव के नामांकन की आखिरी दिन घुमारवीं शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। लोगों को जहां पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ा। वहीं, एंबुलेंस सेवाएं भी प्रभावित हुईं। करीब एक घंटे के लिए घुमारवीं शहर में जाम लग गया।
जब राजेंद्र गर्ग और राजेश धर्माणी के समर्थक आमने-सामने पहुंच गए तो माहौल थोड़ी देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। लेकिन, पुलिस ने मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभाला। डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार स्वयं यातायात को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
दोनों नेताओं के काफिले में वाहनों की संख्या इस कदर थी कि कुछ घंटे के लिए यातायात ठप हो गया। हालत तो उस समय ओर भी खराब हो गई जब दोनों नेता अपने समर्थकों सहित आमने-सामने आ पहुंचे। भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ एक-दूसरे को क्रॉस करने लगे। समर्थकों ने एक-दूसरे के सामने नाच गाकर अपना शक्ति प्रदर्शन किया। समर्थकों की भीड़ ज्यादा होने से जाम लग गया। गांधी चौक से लेकर दकड़ी चौक तक समर्थक ही समर्थक थे। घुमारवीं शहर के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधा घंटा तक स्थिति तनावपूर्ण रही। कार्यकर्ताओं के जाने के बाद स्थानीय दुकानदारों सहित लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली।