बिलासपुर। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसडीटी) ने दो अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी के दौरान होशियारपुर के दो युवकों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 28.96 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर नशे की सप्लाई चेन खंगालना शुरू कर दिया है।
पहली कार्रवाई फोरलेन के समीप बलोह लिंक रोड मल्यावर पर की गई। एसडीटी की टीम ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक स्कूटी को जांच के लिए रोका। स्कूटी पर दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी तलाशी लेने पर कब्जे से 19.33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान रोशन लाल (40) और सागर (31), दोनों निवासी गांव व डाकघर महिलपुर, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। स्कूटी रोशन लाल चला रहा था, जबकि सागर पीछे बैठा था। पुलिस थाना घुमारवीं में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई में एसडीटी ने कैंची मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान कीरतपुर की ओर से आ रही एक बाइक को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर बाइक सवार दो युवकों के कब्जे से 9.63 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज कुमार (33) निवासी गांव टिहरा, डाकघर मल्यावर और विवेक शर्मा (30) निवासी गांव व डाकघर टकरेड़ा, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। पुलिस थाना स्वारघाट में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अब दोनों मामलों में चिट्टे की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। इसके लिए आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि सप्लाई चेन से जुड़े मुख्य तस्करों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। उन्होंने आम जनता से भी नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है।