राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में सेल्फ फाइनेंसिंग कोर्स की सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग में पहुंचे अभ्
महाविद्यालय की वेबसाइट पर आज जारी की जाएगी पहली मेरिट सूची
चयनित अभ्यर्थी 3 से 5 जून तक कर सकेंगे फीस जमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में सेल्फ फाइनेंसिंग कोर्स की सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग प्रक्रिया सोमवार को हुई। काउंसलिंग में लगभग 246 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिसमें बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) में 170, बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) में 65, बैचलर ऑफ टूर एंड ट्रैवल मैनेजमेंट (बीटीटीएम) में चार और बीएससी (ऑनर्स) बायो टेक्नोलॉजी में सात अभ्यर्थी शामिल हैं।
काउंसलिंग की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हुई। काउंसलिंग में अभ्यर्थियों के दस्तावेज मूल्यांकन का कार्य किया गया। इन सभी कोर्स में दाखिला मेरिट के आधार पर ही दिया जाएगा। इन कोर्स में चयनित अभ्यर्थियों की पहली मेरिट सूची महाविद्यालय की वेबसाइट पर 3 जून को सुबह 11 बजे निकाली जाएगी। चयनित अभ्यर्थी 3 से 5 जून को दोपहर 12 बजे तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। दूसरी मेरिट सूची 5 जून को शाम 4 बजे निकाली जाएगी। इसमें चयनित अभ्यर्थी 7 जून को दोपहर 12 बजे तक फीस जमा करवा सकते हैं।
प्राचार्य पीएस कटवाल सहित संबंधित समितियों के समन्वयक ने अभ्यर्थियों का स्वागत किया और उनकी कॅरिअर काउंसलिंग की। उन्होंने अभ्यर्थियों को कॉलेज के बारे में, यहां चल रहे विभिन्न कोर्स, शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इसके अलावा महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए मिलने वाली हॉस्टल सुविधा की भी जानकारी दी गई। प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज में बीबीए में 60, बीसीए में 60, बीटीटीएम में 40 और बीएससी (ऑनर्स) में 30 सीटें रखी गई है। इसके अलावा हर कोर्स में 10 प्रतिशत सीट ईडब्ल्यूएस और एक सीट सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए सुरक्षित रखी गई है।