प्राजंलि आईटीआई घुमारवीं में युवकों का साक्षात्कार लेते कंपनी के अधिकारी। स्रोत: आईटीआई
कैंपस इंटरव्यू में एलएंडटी कंपनी में हुआ चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र स्थित प्राजंलि आईटीआई के 22 छात्रों को प्रतिष्ठित एलएंडटी कंपनी में रोजगार का अवसर मिला है। संस्थान में बुधवार को आयोजित कैंपस इंटरव्यू के दौरान चयनित छात्रों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस उपलब्धि से छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
प्राजंलि आईटीआई के चेयरमैन हरीश कुमार उप्पल ने बताया कि संस्थान में समय-समय पर विभिन्न कंपनियों के सहयोग से कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी के तहत एलएंडटी कंपनी का कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि कैंपस इंटरव्यू में कुल 44 छात्रों ने भाग लिया। कंपनी के डिप्टी मैनेजर की ओर से विद्यार्थियों के साक्षात्कार लिए गए और उनकी योग्यता और तकनीकी दक्षता के आधार पर 22 छात्रों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को मौके पर ही नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपे गए और उन्हें शीघ्र कंपनी में ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। हरीश कुमार उप्पल ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाते रहेंगे।